चारधाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एक अभिनव पहल के अंतर्गत यात्रा सुरक्षा किट का हुआ वितरण

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एक अभिनव पहल के अंतर्गत यात्रा सुरक्षा किट का वितरण प्रारंभ किया गया है। यह किट उन सभी वाहनों को प्रदान की जा रही है जो ग्रीन कार्ड बनवाकर चारधाम यात्रा के लिए प्रस्थान कर रहे हैं।  इस यात्रा सुरक्षा किट में कूड़ा निस्तारण हेतु गार्बेज बैग, आपात स्थिति के लिए वॉमिटिंग बैग, महिला यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष फीमेल यूरिन बैग,मास्क तथा सैनिटाइज़र शामिल हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान यात्रियों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ एवं आरामदायक अनुभव प्रदान करना है। विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान होने वाली असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह किट अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। गार्बेज बैग के माध्यम से मार्गों पर कूड़ा फैलने की समस्या को नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

वहीं महिला यात्रियों के लिए उपलब्ध कराए गए विशेष यूरिन बैग उनकी गरिमा एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। यह अभिनव पहल परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा की प्रेरणा से प्रारंभ की गई है तथा इसका क्रियान्वयन नोडल परिवहन चारधाम यात्रा संदीप सैनी के निर्देशन में किया जा रहा है। परिवहन विभाग द्वारा चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा,सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार की पहलें निरंतर जारी रहेंगी जिससे यात्रा को अधिक व्यवस्थित,सुरक्षित एवं सुखद बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *