जवानों की कलाइयों पर सजी राखी, आंखों में छलका अपनापन

Spread the love

रक्षाबंधन पर 6 बिहार बटालियन एनसीसी में भावुक हुआ माहौल, बहनों ने जवानों की लंबी उम्र की कामना की

पी के गुप्ता

गयाजी। देश की रक्षा में समर्पित जवानों की कलाइयों पर जब बहनों ने राखी बांधी तो रक्षाबंधन का पर्व भावनाओं से भर उठा। 6 बिहार बटालियन एनसीसी में रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की बहनों और दो निजी स्कूलों के बच्चों ने अधिकारियों एवं जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व प्रकट किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की बहनों एवं बच्चों ने 6 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र की कलाई पर राखी बांधकर किया। इसके बाद बहनों और बच्चों ने बारी-बारी से एनसीसी अधिकारियों तथा जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी। इस दौरान जवानों की लंबी उम्र, स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की ग

राखी के धागे ने जोड़ा समाज और सैनिकों का रिश्ता

रक्षाबंधन के इस आयोजन ने केवल भाई-बहन के रिश्ते को ही नहीं, बल्कि समाज और सैनिकों के बीच विश्वास एवं सम्मान के रिश्ते को भी मजबूत किया। राखी बंधवाते समय जवानों के चेहरों पर खुशी और भावुकता साफ दिखाई दी। बच्चों और जवानों के बीच भी आत्मीय संवाद हुआ। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। सैनिक देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। ऐसे अवसरों पर बहनों द्वारा जवानों की कलाई पर राखी बांधना उनके मनोबल को बढ़ाता है और उन्हें यह एहसास कराता है कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

एनसीसी कैडेटों में देशभक्ति का संचार

कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि एनसीसी का महत्वपूर्ण उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। रक्षाबंधन जैसे आयोजन कैडेटों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ ही भाईचारे, राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव का संदेश देते हैं। कार्यक्रम के दौरान जवानों और बच्चों के बीच आत्मीय एवं भावनात्मक माहौल बना रहा। बहनों के हाथों बंधी राखी ने जवानों के मनोबल को बढ़ाया और राष्ट्र सेवा के उनके संकल्प को और मजबूत किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *