विद्यार्थियों को इंटर्नशिप प्रक्रिया, मूल्यांकन और उपस्थिति नियमों की दी गई विस्तृत जानकारी
पी. के. गुप्ता
गया। जगजीवन कॉलेज के गणित विभाग द्वारा पांचवें एवं सातवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की प्रक्रिया, नियमों एवं मूल्यांकन प्रणाली से अवगत कराना था।कार्यक्रम में गणित विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. मनीष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि पांचवें एवं सातवें सेमेस्टर के छात्रों के लिए इंटर्नशिप अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के सफल संचालन के लिए महाविद्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी एवं विभागीय मेंटर उपलब्ध रहेंगे, जबकि संबंधित संस्थान या कंपनी में नियुक्त सुपरवाइजर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी जानकारी दी कि इंटर्नशिप किन संस्थानों में की जा सकती है तथा किन विषयों में इंटर्नशिप की अनुमति नहीं है। साथ ही बताया कि इंटर्नशिप पूरी होने के बाद बाह्य एवं आंतरिक परीक्षकों द्वारा उसका मूल्यांकन किया जाएगा और संबंधित कंपनी के सुपरवाइजर की ओर से कम्प्लीशन सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निर्देश दिया गया कि इंटर्नशिप पूर्ण होने के 20 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत इंटर्नशिप रिपोर्ट महाविद्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करें। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंटर्नशिप के साथ-साथ नियमित कक्षाओं में उपस्थिति भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रो. रतिकांत दास, प्रो. पूर्णेंदु कुमार, डॉ. अनुरानी, डॉ. अंकना, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. प्रियंका कुमारी सिन्हा, डॉ. सत्येंद्र सिंह चंद्र और डॉ. शोभा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।












Leave a Reply