गुणवत्ता से समझौता किए बिना तेजी से काम पूरा करने के निर्देश, सड़क सुरक्षा और जल निकासी पर भी दिया जोर
रमेश राम
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खटकाना पुल के पास यूएसएसडीए की ओर से बिछाई जा रही पेयजल लाइन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता सहित यूएसएसडीए के अधिकारियों और कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पेयजल लाइन का कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
सड़क सुरक्षा और जल निकासी का रखें ध्यान
डीएम ने निर्माण कार्य के दौरान सड़क सुरक्षा तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के साथ ही मार्ग पर नाली निर्माण का कार्य भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और पानी की सुगम निकासी बनी रहे। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों और तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्मिक और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।












Leave a Reply