ट्रैक से कोर्ट तक छाए खिलाड़ी, खेल महाकुंभ में दिखा जोश
सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने जीते पदक
अमित कुमार
हरिद्वार। खेल महाकुंभ 2026-27 के अंतर्गत आयोजित संसदीय क्षेत्र स्तरीय सांसद (लोकसभा) चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बैडमिंटन, ऊंचीकूद और दौड़ सहित कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार मुकाबला किया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत पहुंचे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
बैडमिंटन और एथलेटिक्स में दिखी प्रतिभा
दूसरे दिन अंडर-19 बालक बैडमिंटन युगल में करण ने प्रथम, रावत ने द्वितीय और साहिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक ऊंचीकूद में पवन यादव प्रथम, प्रख्यात सिंह द्वितीय और नितिन चौरसिया तृतीय रहे। अंडर-19 बालिका 3000 मीटर दौड़ में शिवांगी ने बाजी मारी। काजल सैनी दूसरे और अंशिका भंडारी तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-19 बालक 100 मीटर दौड़ में नेगी प्रथम, आदित्य नेगी द्वितीय और संजीव तिवारी तृतीय रहे। वहीं 200 मीटर दौड़ में मोहित ने पहला, विषपाल ने दूसरा और अन्य प्रतिभागी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
हॉकी में हरिद्वार का दबदबा
राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। अंडर-19 बालक वर्ग में हरिद्वार की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पिथौरागढ़ दूसरे और ऊधमसिंह नगर तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-14 बालक वर्ग में रुद्रप्रयाग की टीम विजेता, हरिद्वार उपविजेता और देहरादून की टीम तीसरे स्थान पर रही। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, हरिद्वार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भंडारी, सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रभारी एवं युवा कल्याण विभाग के मुकेश कुमार भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी यमकेश्वर पूनम मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी जितेन्द्र पुंडीर, ग्राम विकास अधिकारी एवं उद्घोषक विनोद मिश्रा, खेल प्रशिक्षक सौरभ पटवाल व मुकेश शर्मा, खेल समन्वयक गजेन्द्र एवं अंजेश कुमार समेत शिक्षा विभाग के खेल शिक्षक, निर्णायक मंडल के सदस्य तथा युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।











Leave a Reply