शंकराचार्य चौक से देशरक्षक तिराहे तक 3.93 करोड़ से होगा काम, जनप्रतिनिधियों की शंकाओं के बाद लिया गया फैसला
ए. गुप्ता
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण की योजना पर काम तेज हो गया है। आज मेला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थानीय पार्षदों एवं अन्य हितधारकों से बातचीत की। जनप्रतिनिधियों की शंकाओं को देखते हुए तय किया गया कि पूरी सड़क पर निर्माण शुरू करने से पहले एक हिस्से में रेज्ड फुटपाथ का नमूना तैयार किया जाएगा। योजना पर करीब 3.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके तहत दो किलोमीटर लंबाई में रेज्ड फुटपाथ और एक किलोमीटर में लेवल फुटपाथ बनाया जाएगा। सड़क के साथ पानी की निकासी की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
रामकृष्ण मिशन अस्पताल के पास निर्माण पर उठे थे सवाल
कनखल क्षेत्र के पार्षदों ने रामकृष्ण मिशन अस्पताल के निकट शुरू हुए फुटपाथ निर्माण को लेकर सवाल उठाए थे।
मामले का संज्ञान लेते हुए मेलाधिकारी सोनिका ने मेला प्रशासन और लोनिवि के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जनप्रतिनिधियों से वार्ता करने और समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पार्षदों व स्थानीय लोगों से योजना को लेकर विस्तार से चर्चा की।
गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी व्यवस्था
उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित थर्ड पार्टी जांच की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी कार्य की गुणवत्ता पर निगरानी रखने का आग्रह किया गया।
लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह और अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि करीब तीन किलोमीटर मार्ग के नवीनीकरण, फुटपाथ और अन्य कार्यों के लिए शासन ने 3.93 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
निर्माण स्थलों पर लगेंगे सूचना बोर्ड
कुंभ मेला से जुड़े निर्माण कार्यों में पारदर्शिता के लिए प्रत्येक कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। बोर्ड पर योजना का नाम, स्वीकृत लागत, कार्य प्रारंभ और पूर्ण होने की तिथि तथा कार्यदायी संस्था का नाम अंकित किया जाएगा।
मेला प्रशासन ने कार्यदायी संस्थाओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और हितधारकों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय पार्षद भूपेन्द्र कुमार, सचिन अग्रवाल समेत अन्य लोगों ने फुटपाथ का पहले एक हिस्से में नमूना तैयार करने, पानी की निकासी की बेहतर व्यवस्था, अस्पताल के पास रेलिंग लगाने और सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। अधिकारियों की सहमति के बाद पार्षदों ने संतोष जताते हुए निर्माण कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया।










Leave a Reply