कुंभ से पहले तारों के जाल पर प्रशासन का वार

Spread the love

 हरिद्वार में कटेगा तारों का जंजाल

15 दिन में झूलते और अव्यवस्थित तार होंगे व्यवस्थित, बिजली-केबल-इंटरनेट कंपनियां मिलकर चलाएंगी अभियान

अमित कुमार

हरिद्वार। कुंभ मेला और आगामी स्नान पर्वों से पहले हरिद्वार शहर को तारों के जंजाल से निजात दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। सड़कों और बाजारों के ऊपर झूलते विद्युत, टीवी केबल और इंटरनेट के बेतरतीब तार अब प्रशासन के निशाने पर हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों और सेवा प्रदाता कंपनियों को 15 दिन के भीतर झूलते एवं अव्यवस्थित तारों को सुरक्षित और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालय में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला और विभिन्न स्नान पर्वों के मद्देनजर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्वरूप देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्युत विभाग, नगर निगम तथा केबल और इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जहां भूमिगत विद्युत लाइनें बिछ चुकी हैं, वहां पुराने और अनावश्यक तारों को हटाया जाए। उपयोग में आ रहे तारों की बंचिंग कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए, जबकि अवैध एवं अनुपयोगी तारों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाए।

अभियान की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 15 दिनों के भीतर प्रमुख नगरीय क्षेत्रों में तारों को व्यवस्थित किया जाएगा। इसके बाद अगले दो से तीन माह में शहर के अन्य हिस्सों में भी केबल क्लटर और तारों के जंजाल को हटाकर हरिद्वार को बेहतर स्वरूप दिया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों के ऊपर झूलते और बेतरतीब तार केवल शहर की सुंदरता और स्वच्छता को प्रभावित नहीं करते, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। कुंभ जैसे बड़े आयोजन से पहले इनसे जुड़ी संभावित समस्याओं को दूर करना जरूरी है। बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी समेत विद्युत विभाग, नगर निगम, टीवी केबल और इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *