महंगाई-बेरोजगारी दूर करने के लिए सरकार नहीं उठा रही कोई कदम : आलोक शर्मा

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र सरकार पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर गंभीरता से काम नहीं करने का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की लचर नीतियों के चलते देश में रोजगार और शिक्षा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। आलोक शर्मा ने दावा किया कि देश में 94 हजार स्कूल बंद हो चुके हैं और करीब 9 करोड़ युवा शिक्षा एवं रोजगार से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन रही है। बेरोजगारों की संख्या में लगातार इजाफा सरकार की गलत नीतियों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। महंगाई के कारण घर का रसोई खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। सरकार जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने के बजाय जनता को बहकाने का काम कर रही है।

चार विधानसभा अध्यक्षों को सौंपे नियुक्ति पत्र

पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस ओबीसी विभाग के ग्रामीण जिला अध्यक्ष विकास चंद्रा ने चार विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र सौंपकर संगठन की जिम्मेदारी दी। इनमें रानीपुर से नंदलाल यादव, ज्वालापुर ग्रामीण से मुसर्रत अली, हरिद्वार ग्रामीण से विनोद कश्यप तथा लक्सर से विकास सैनी शामिल हैं। विकास चंद्रा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान परजिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी जिम्मेदारीके सिद्धांत को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज के लोगों को कांग्रेस से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा तथा गांव-गांव जाकर ओबीसी समाज की बैठकें आयोजित की जाएंगी। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत किया जाएगा। प्रेसवार्ता में सोम त्यागी, जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, अक्षय नागपाल, अमित, विनोद कश्यप, नंदलाल यादव सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *