माँ पूर्णागिरि रज्जू मार्ग परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

करीब 45 करोड़ की लागत से बन रहा रोपवे, 5 मिनट में पूरी होगी यात्रा; प्रति घंटे 800 श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

रमेश राम

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के कायाकल्प की दिशा में प्रस्तावित ‘माँ पूर्णागिरि माता रज्जू मार्ग’ (रोपवे) परियोजना का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को भी कहा। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि माँ पूर्णागिरि धाम में देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रज्जू मार्ग परियोजना श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

950 मीटर लंबा होगा रोपवे

प्रोजेक्ट मैनेजर रोपवे महेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग 45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार हो रही यह परियोजना अत्याधुनिक ‘Tri Cable Jig Back’ सिस्टम पर आधारित है। रोपवे की कुल लंबाई करीब 950 मीटर और ऊंचाई लगभग 250 मीटर होगी।  परियोजना के तहत दो केबिन लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक केबिन में 60+1 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। रोपवे के माध्यम से प्रति घंटे करीब 800 यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। श्रद्धालु लगभग 5 मिनट में रोपवे के जरिए यात्रा पूरी कर माँ पूर्णागिरि धाम पहुंच सकेंगे।

बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगों को मिलेगी बड़ी राहत

रज्जू मार्ग परियोजना के पूरा होने से विशेष रूप से वृद्धजन, बच्चे और दिव्यांग श्रद्धालु लाभान्वित होंगे। इससे माँ पूर्णागिरि धाम तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा और श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक धार्मिक यात्रा का अनुभव मिलेगा।परियोजना के संचालन से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *