मेडिकल स्टोर्स पर छापा, एक्सपायरी दवाओं और अनियमितताओं की जांच

Spread the love

जिला कारागार का भी किया निरीक्षण, किशोर न्याय बोर्ड में विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ

केपीएस चौहान

हरिद्वार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, औषधि निरीक्षक एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने आज ज्वालापुर स्थित सुभाषनगर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स एवं कन्फेक्शनरी दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी दवाओं, दवाओं के रखरखाव, साफ-सफाई और अन्य मानकों की गहन जांच की गई। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर ने स्वयं निरीक्षण किया। जिन मेडिकल स्टोर्स पर अनियमितताएं पाई गईं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए औषधि निरीक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए। इसके बाद सचिव सिमरनजीत कौर ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श उपलब्ध कराया।  निरीक्षण के दौरान बैरकों की साफ-सफाई, पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने जेल में तैनात प्राधिकरण के अधिकार मित्रों को बंदियों के लंबित विधिक मामलों में प्रभावी पत्राचार और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में किशोर न्याय बोर्ड परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर एवं किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट कंचन चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि हेल्प डेस्क की स्थापना से किशोर न्याय बोर्ड में आने वाले पात्र व्यक्तियों एवं आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श और आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ एवं निःशुल्क न्याय पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *