SIR-2026 की समीक्षा में डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोतम के निर्देश—बिना नोटिस किसी भी मतदाता का नाम न हटे, हर सप्ताह राजनीतिक दलों से हो संवाद
एस. गुप्ता
हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोतम ने आज हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए, किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं जुड़ना चाहिए तथा बिना नोटिस के किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह संवाद करने तथा मतदाता सूची से संबंधित सभी विसंगतियों और नोटिसों की सुनवाई बीएलओ स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में चल रहे SIR-2026 अभियान की प्रगति से मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि जिले में मतदाताओं के डिजिटाइजेशन का कार्य 90.54 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों और ‘अनमैप्ड (Unmapped)’ श्रेणी के 92,594 मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं, जिनकी सुनवाई बीएलओ स्तर पर की जा रही है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से किया संवाद
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव और समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि अनमैप्ड मतदाताओं का सत्यापन निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से किसी एक के आधार पर किया जाएगा, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने दोहराया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना नोटिस जारी किए सूची से नहीं हटाया जाएगा। डॉ. पुरुषोतम ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में हरिद्वार में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों, एईआरओ, बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों की सराहना की और पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए।
बीएचईएल केंद्रीय विद्यालय बूथ का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बीएचईएल केंद्रीय विद्यालय मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने बूथ पर तैनात बीएलओ से मतदाता सत्यापन, नोटिस वितरण तथा अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर विधायक फुरकान अहमद, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, अनिल कुमार शुक्ला, एसएलओ आकाश जोशी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन और प्रशासनिक विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply