दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर नष्ट, इकाई सील; तीन नमूने जांच के लिए भेजे
अमित कुमार
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार देर रात रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर में पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी कर प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के निर्माण का मामला पकड़ा। टीम ने मौके से करीब दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल बरामद कर नष्ट कराया। वहीं 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के बाद पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार तथा एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध पुलिस बल की मौजूदगी में इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक को पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार करते पाया गया। विभाग के अनुसार निर्माता ने पूछताछ में पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर बनाने तथा उसे बाजार में करीब 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की बात स्वीकार की। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया। विभाग ने करीब दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल नष्ट करा दिया,
जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को जब्त कर सीज कर दिया गया। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ के निर्माण के मामले में इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है। पनीर निर्माता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा टीम ने खुले पनीर, खुले पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेंद्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा और निर्मला शामिल रहे।










Leave a Reply