एम.पारिक
हरिद्वार। नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में शादी का झांसा देकर बालिका को ले जाने वाले मां-बेटे को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गयी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 02 मई को कनखल निवासी एक व्यक्ति ने थाना कनखल में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। तहरीर के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पतारसी-सुरागरसी के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कडी मेहनत और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने सिडकुल क्षेत्र के रसूलपुर से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि एक महिला और एक युवक बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे और उससे शादी कराने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।आरोपितों का नाम पता अक्षय कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी सगदपुर मलीपुर, थाना सदर कोतवाली, सहारनपुर (उ.प्र.) व एक महिला (अक्षय की माता) बताया गया है। बालिका की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों ने कनखल पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपितों का चालान कर दिया है।












Leave a Reply