पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान, शौचालयों की मरम्मत और गंगा घाटों पर सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर जारी
अमित गुप्ता
हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक यात्रा से जुड़ी सभी मूलभूत सुविधाएं और व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न विभागों ने धरातल पर कार्य तेज कर दिए हैं। जिला पंचायत और सिंचाई विभाग की टीमें कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान, सफाई और अन्य आवश्यक कार्य युद्धस्तर पर कर रही हैं। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई ने बताया कि रानीपुर झाल, पथरी पुल और इमलीखेड़ा क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ियों की कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही मार्ग पर बने स्थायी और अस्थायी शौचालयों की मरम्मत और उन्हें उपयोग योग्य बनाने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि शिवभक्तों की सुरक्षा के मद्देनजर गंगा घाटों की मरम्मत के साथ रेलिंग और सुरक्षा जंजीर लगाने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। हरिद्वार और रुड़की डिवीजन की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ पटरी मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। महेश बिश्नोई ने बताया कि सभी विभागीय टीमें मैदान में सक्रिय हैं और जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तय समय-सीमा से पहले ही कांवड़ पटरी मार्ग को पूरी तरह साफ, सुरक्षित और सुगम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।







Leave a Reply