डीएम मयूर दीक्षित ने दिए संयुक्त अभियान के निर्देश, भारी वाहनों की सड़क किनारे पार्किंग पर लगेगी रोक
अमित कुमार
हरिद्वार। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ अब प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। राजमार्गों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन सर्वे कराया जाएगा और अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा सड़क की खामियों को चिन्हित कर संबंधित विभाग संयुक्त अभियान चलाएंगे। यह निर्देश जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक में दिए।जिला कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों की सुरक्षा, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और सड़क की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने एनएचएआई को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे किसी भी दशा में अतिक्रमण न होने दिया जाए। इसके लिए गश्ती दलों को तत्काल सक्रिय करने के साथ ड्रोन सर्वे के माध्यम से नियमित निगरानी करने को कहा गया।
संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश
डीएम ने परिवहन विभाग को पुलिस, एनएचएआई और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त अतिक्रमण-रोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सड़क और शोल्डर पर भारी वाहनों की पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। साथ ही संबंधित सड़क एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
हर पखवाड़े होगी राजमार्ग सुरक्षा की समीक्षा
जिलाधिकारी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स प्रत्येक पखवाड़े राजमार्ग सुरक्षा की समीक्षा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनएचएआई अथवा लोनिवि की पूर्व अनुमति के बिना राजमार्ग सुरक्षा क्षेत्र में किसी भी प्रकार का लाइसेंस या एनओसी जारी अथवा नवीनीकृत नहीं किया जाएगा। बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैकस्पॉट के उपचार, आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने तथा टोल-फ्री हेल्पलाइन 1033 को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया गया।
अवैध ढाबे-कब्जे खुद हटाने की अपील
जिला प्रशासन ने राजमार्ग किनारे व्यापारियों, परिवहन संचालकों और आम लोगों से सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने अवैध ढाबे और कब्जे स्वयं हटाने तथा भारी वाहनों को केवल निर्धारित ले-बाय और पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और गड्ढों से मुक्त कर यातायात को सुगम तथा यात्रियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है। बैठक में नगर आयुक्त नगर निगम नंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डीके सिंह, अधिशासी अभियंता एनएचएआई सुरेश तोमर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, नेहा झा, कृष्ण चंद्र पलड़िया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply