आर. के. जोशी
नोहर। बीकानेर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) के पद पर राजेन्द्र सिंह चौधरी ने आज पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने पर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। चौधरी के एडीआरएम बनने से क्षेत्रवासियों में खुशी के साथ रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री हितों से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जगी है। राजेन्द्र सिंह चौधरी भारतीय रेलवे सेवा ऑफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स (IRSEE) के अधिकारी हैं। वे सरल, सहज एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। इससे पूर्व वे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। रेलवे क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए बीकानेर मंडल में विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं को लेकर सकारात्मक पहल की उम्मीद की जा रही है। राजेन्द्र सिंह चौधरी को रूपेश कुमार के स्थान पर बीकानेर मंडल का अपर मंडल रेल प्रबंधक नियुक्त किया गया है। रूपेश कुमार का स्थानांतरण साउथ ईस्टर्न रेलवे कैडर में किया गया है।
रेल सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद
राजेन्द्र सिंह चौधरी के एडीआरएम का पदभार संभालने पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनके अनुभव और कार्यकुशलता से बीकानेर मंडल में रेल विकास को नई दिशा मिलेगी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही है। ऐसे में नए एडीआरएम से यात्री सुविधाओं में सुधार, नई रेल सेवाओं के विस्तार तथा लंबित मांगों के समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयासों की अपेक्षा है। जनता ने विश्वास जताया कि राजेन्द्र सिंह चौधरी के कार्यकाल में बीकानेर मंडल में रेल सुविधाओं एवं विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं को मंडल स्तर पर उचित प्राथमिकता मिल सकेगी। क्षेत्रवासियों ने राजेन्द्र सिंह चौधरी को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की।












Leave a Reply