सवेरा सेवा संस्थान का 4 अक्टूबर को रक्तदान शिविर, सिर्फ 100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य; संकल्प-पत्र भरकर रक्तदाता पहले ही दे रहे सेवा का वचन
आर.के. जोशी
नोहर। सवेरा सेवा संस्थान नोहर की ओर से 4 अक्टूबर को आयोजित Paragraphहोने वाले रक्तदान शिविर को लेकर अग्रसेन भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान शिविर के पोस्टर का विमोचन किया गया। शिविर को लेकर खास बात यह है कि इसमें रक्त संग्रह की सीमा पहले से तय करते हुए सिर्फ 100 यूनिट रक्त ही एकत्र किया जाएगा। यानी सेवा का संकल्प भी तय और उसका दायरा भी अनुशासित। शिविर की एक और खास पहल रक्तदाताओं से पहले ही संकल्प-पत्र भरवाना है। संकल्प-पत्र भरने वाला रक्तदाता स्वेच्छा से रक्तदान करने का वचन दे रहा है। संस्था के अनुसार इससे शिविर में रक्तदान को लेकर पहले से ही सुव्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित की जा रही है।
100वीं बार रक्तदान करेंगे अवतार सिंह
शिविर का सबसे खास आकर्षण नोहर के रक्तयोद्धा अवतार सिंह मोनालिसा होंगे, जो इस शिविर में 100वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा की अपनी लंबी यात्रा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव दर्ज करेंगे। अवतार सिंह हाल ही में एपेक्स क्लब नोहर से जुड़े हैं और लंबे समय से दवा विक्रेता संघ नोहर के सचिव के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं।
माता-पिता की स्मृति को मानव सेवा से जोड़ा
नोहर के समाजसेवी विनोद गोल्याण अपने माता-पिता स्वर्गीय उर्मिला गोल्याण और स्वर्गीय मोतीराम गोल्याण की स्मृति को इस पुनीत कार्य से जोड़ रहे हैं। उनकी ओर से रक्तदान शिविर को सहयोग प्रदान किया जा रहा है। सवेरा सेवा संस्थान के प्रमुख रफीक चौहान ने बताया कि संकल्प-पत्र में रक्तदाताओं को अब तक किए गए रक्तदान की संख्या भी अंकित करनी होगी। शिविर में सबसे अधिक बार रक्तदान करने वाले 10 रक्तदाताओं को प्रायोजक की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। शिविर के जरिए संस्था ने रक्तदान को केवल एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि नियमित मानव सेवा के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया है।











Leave a Reply