राष्ट्रप्रेम के स्वर से गूंजा वाहिनी मुख्यालय और सीमावर्ती क्षेत्र

Spread the love

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर 44वीं वाहिनी एसएसबी में सामूहिक गायन

पी. के. गुप्ता

नरकटियागंज। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज में तीसरे चरण के तहत सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यवाहक कमांडेंट गोविन्द कुमार ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान वाहिनी मुख्यालय सहित सीमा चौकियों और सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का स्वर गूंज उठा। कार्यवाहक कमांडेंट गोविन्द कुमार ठाकुर ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ में निहित अनंत राष्ट्रप्रेम देशवासियों को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ने और सामूहिक संकल्प के जरिए नए भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत देश की गौरवशाली विरासत और स्वतंत्रता आंदोलन की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। कार्यक्रम के दौरान वाहिनी मुख्यालय एवं सभी सीमा चौकियों पर अधिकारियों और जवानों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर गायन किया। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में सामूहिक गायन कराया गया। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ को राष्ट्रव्यापी जन-उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।कार्यक्रम में 44वीं वाहिनी के उप कमांडेंट सशिन शर्मा, सहायक कमांडेंट (संचार) रियास पी., निरीक्षक (सामान्य) पवन कुमार, निरीक्षक (सामान्य) बलवीर राम सहित अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। सीमावर्ती क्षेत्र के विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में लगभग 250 लोगों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *