रोजगार सृजन में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका : आदेश चौहान

Spread the love

हिमालयन एमएसएमई एक्सपो में कृषि उत्पादों ने खींचा ध्यान

छात्रों और युवाओं में दिखा उत्साह, ऑर्गेनिक खेती व कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं को जाना

अमित कुमार

हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को छात्रों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने भी एक्सपो का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा कृषि एवं बागवानी से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली।एक्सपो में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने भी स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने कृषि, हॉर्टिकल्चर, ऑर्गेनिक उत्पादों, स्टार्टअप और एमएसएमई से जुड़ी जानकारी हासिल की। तेलंगाना के फल-फूलों से तैयार उत्पाद तथा सिक्किम के ऑर्गेनिक उत्पादों से बने शरबत समेत विभिन्न राज्यों के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। वाइब्रेंट उत्तराखंड के तत्वावधान में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित एक्सपो में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभागों तथा कंपनियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

आधुनिक कृषि तकनीक की ओर बढ़ा युवाओं का रुझान

दूसरे दिन छात्रों ने विशेष रूप से ऑर्गेनिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की। स्टॉल संचालकों ने युवाओं को विभिन्न कृषि उत्पादों, तकनीकों और छोटे उद्योगों से जुड़ी संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने का काम करते हैं। एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला बनने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए।

आत्मनिर्भर भारत में एमएसएमई की अहम भूमिका

आयोजक भारत बालियान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। छोटे उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों के उद्यमियों, किसानों, उत्पादकों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है। ऐसे आयोजनों से उत्पादों को व्यापक बाजार मिलता है और उद्यमियों को नए कारोबारी अवसर प्राप्त होते हैं। भारत बालियान ने कहा कि युवाओं को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की ओर आकर्षित कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *