सैनिक स्कूल तिलैया में GOC ने कसी व्यवस्था की नब्ज

Spread the love

शिक्षा के साथ चरित्र, अनुशासन और नेतृत्व को तराशने पर जोर; छात्रों को सशस्त्र बलों में जाने के लिए किया प्रेरित

पी के गुप्ता

तिलैया (झारखंड)। सैनिक स्कूल के छात्रों को सिर्फ बेहतर शिक्षा नहीं, बल्कि देश की जिम्मेदारी संभालने वाला अनुशासित और नेतृत्वक्षम नागरिक बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बुधवार को झारखंड एवं बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) एवं लोकल बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (LBA) के चेयरमैन मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, VSM ने सैनिक स्कूल तिलैया का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था, शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र कल्याण और आवासीय सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्रों से संवाद कर उन्हें अनुशासन, साहस और समर्पण के साथ भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

पढ़ाई के साथ चरित्र निर्माण भी जरूरी

GOC ने शिक्षकों, छात्रों और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और छात्रों के सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जिसमें पढ़ाई के साथ चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का भाव विकसित हो।

‘युवाओं को सही दिशा देना शिक्षकों की जिम्मेदारी’

मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने शिक्षकों से युवा पीढ़ी को सही दिशा देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों के लिए विद्यार्थियों को ज्ञान और कौशल के साथ अच्छे संस्कार एवं आत्मविश्वास से भी तैयार करना होगा।

राष्ट्रसेवा को बनाया लक्ष्य

छात्रों से संवाद के दौरान उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों में करियर के लिए प्रेरित करते हुए अनुशासन, समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। दौरे के दौरान झारखंड एवं बिहार सब एरिया और लोकल बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन ने सैनिक स्कूल तिलैया में शैक्षणिक उत्कृष्टता, छात्र कल्याण, अनुशासन और सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *