वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा बोले—सावन में मां तारा के दर्शन से मिलता है आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार
पी.के.गुप्ता
गयाजी। सावन मास के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां तारापीठ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान नेताओं ने प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, प्रमोद कुमार, मंटू कुमार एवं बबलू गुप्ता भी शामिल रहे। सभी ने मां तारा के दरबार में प्रदेश की उन्नति, सामाजिक सौहार्द और जनकल्याण की प्रार्थना की। मां तारा के दर्शन के बाद डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव और आदिशक्ति की उपासना का विशेष काल माना जाता है। ऐसे पावन समय में मां तारापीठ में दर्शन एवं पूजा का अवसर मिलना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मां तारा अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली हैं और श्रद्धा एवं विश्वास के साथ उनकी आराधना करने वाले भक्तों पर उनकी विशेष कृपा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति आस्था बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। धार्मिक स्थलों पर जाकर ईश्वर की आराधना करने से समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। मां तारा का आशीर्वाद संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने भी मां तारा के चरणों में नमन करते हुए प्रदेश की प्रगति, समाज में सुख-शांति तथा सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मां तारा की कृपा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति को धर्म, सेवा एवं मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।












Leave a Reply