फर्जी तलाक के दस्तावेज दिखाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, वन विभाग के एसडीओ गिरफ्तार

Spread the love

एस. कुमार

देहरादून। वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल को एक युवती की शिकायत पर धोखे से शादी का विश्वास दिलाकर यौन शोषण करने के आरोप में विकासनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अदालत में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, युवती ने शिकायत में आरोप लगाया है कि राजीव नयन नौटियाल ने अपनी वैवाहिक स्थिति के संबंध में गलत जानकारी देकर उसे धोखे में रखा। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने अपनी पहली शादी और उससे जुड़े तथ्यों को छिपाया तथा दूसरी पत्नी से तलाक होने के कथित फर्जी दस्तावेज दिखाकर उसका विश्वास जीता। इसी आधार पर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विकासनगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) शिशुपाल राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि राजीव नयन नौटियाल इससे पहले भी चकराता और कालसी क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं। खनन कारोबारियों के साथ उनके विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। हाल ही में वन विभाग ने उन पर उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और सरकारी कार्यों में लापरवाही के आरोप लगाते हुए निलंबन की कार्रवाई की थी। हालांकि, बाद में हाई कोर्ट ने उनके निलंबन आदेश को निरस्त कर दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *