सीमावर्ती गांव में 44वीं वाहिनी एसएसबी ने लगाया स्वास्थ्य शिविर

Spread the love

275 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया उपचार और नि:शुल्क दवाओं का वितरण

पी. के. गुप्ता

नरकटियागंज। सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नरकटियागंज की ओर से आज विशेष मानव स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के नेतृत्व में ‘जी’ समवाय बलबल के कार्यक्षेत्र स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय, दोमट में आयोजित शिविर में रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल ने सहयोग किया। शिविर में सीमावर्ती क्षेत्र के पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित 275 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों से संबंधित जांच एवं परामर्श दिया। जरूरतमंद ग्रामीणों को जांच के बाद नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।   शिविर में रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल के डॉ. प्रदीप कुमार (कान विशेषज्ञ), डॉ. प्रमोद तिवारी (सर्जन), डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. सुमंत शेखर (नेत्र विशेषज्ञ), डॉ. शीला रंजन (गैस्ट्रोलॉजिस्ट), अपूर्वा सिन्हा (जनरल फिजिशियन) और डॉ. शेखर प्रशांत (दंत विशेषज्ञ) ने ग्रामीणों की जांच की। 44वीं वाहिनी के डॉ. सुधांशु कुमार (जीडीएमओ) ने भी ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी गोविंद कुमार ठाकुर, सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, नि./सा. रणविजय सिंह, मंजू कुमारी (बीपीसी, प्रदेश मंत्री भाजपा), सूरज कुमार (प्रदेश कार्यकारिणी भाजपा) और कन्हैया ठाकुर सहित एसएसबी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के निकट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के प्रति प्रेरित करना है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे आयोजनों से सीमावर्ती जनता और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास, सौहार्द, सहयोग और संवाद भी मजबूत होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *