सीमावर्ती युवतियों को हुनर देकर आत्मनिर्भर बनाएगी एसएसबी

Spread the love

30 दिवसीय सिलाई-ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शुरू, 50 युवतियों को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

पी के गुप्ता

नरकटियागंज। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के साथ अब सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमावर्ती गांवों की युवतियों को हुनर का हथियार देकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल कर रहा है। 44वीं वाहिनी नरकटियागंज की ओर से ‘जी’ समवाय बलबल के सोफा मंदिर परिसर में 30 दिवसीय सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। इसके तहत 50 युवतियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

सिलाई और ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षित होंगी 50 युवतियां

कार्यक्रम का शुभारंभ 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी समेत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में 25 युवतियों को सिलाई और 25 युवतियों को ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सिलाई प्रशिक्षण जीवंत ग्राम जम्होली और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण जीवंत ग्राम कैरी की युवतियों के लिए संचालित किया जाएगा।

हुनर के साथ रोजगार पर जोर

प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र की बेरोजगार युवतियों को रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्कृति फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किए जाएंगे। एसएसबी का मानना है कि कौशल विकास के माध्यम से सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं।

एसएसबी और केंद्रीय बलों में भर्ती की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और युवाओं को एसएसबी समेत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में भर्ती के अवसरों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, मधुमक्खी पालन और नशामुक्त भारत अभियान सहित केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, परिमल मंडल, सागर मलिक और टी. सिरिंग समेत एसएसबी के अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश कार्यकारी भाजपा सूरज कुमार, पंचायत समिति सदस्य मंजू कुमारी, मुखिया अंतिमा देवी, उप मुखिया सुजीत राय, संस्कृति फाउंडेशन की निदेशक निधि राय और सहोदरा थानाध्यक्ष अरुण कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्र के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *