अमित कुमार
हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम धारीवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व जिला मंत्री एवं भाजपा नेता नेत्रपाल सिंह ने कहा कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवा लाभों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीनू चौहान ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से संचालित पोषण एवं बाल विवाह मुक्त गांव अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह को बढ़ावा देने, उसमें सहायता करने या उसे संपन्न कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसे मामलों में दो वर्ष तक के कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा मंडल महामंत्री बिनी पंवार, मंडल उपाध्यक्ष प्रीति, आरती चौहान और पंकज चौहान ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन तथा महालक्ष्मी किट का वितरण किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा, रेखा, अनुपम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










Leave a Reply