श्रावणी मेला: गया स्टेशन पर आरपीएफ का सघन सुरक्षा अभियान

Spread the love

प्लेटफॉर्म से लेकर प्रवेश द्वार तक हुई जांच, यात्रियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

पी.के.गुप्ता

गयाजी। श्रावणी मेला के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे स्टेशन परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक इंदर कुमार, सहायक उपनिरीक्षक खुर्शीद खान तथा आरपीएफ के अन्य जवानों ने गया रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर गहन जांच की। यात्रियों के सामान की सघन तलाशी ली गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखी गई। आरपीएफ टीम ने यात्रियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपील की कि यदि स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन को दें। अधिकारियों ने यात्रियों से सतर्क रहने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग करने का भी आग्रह किया।चेकिंग अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला अवधि में श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से गया रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख रेलवे परिसरों में विशेष सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *