उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएं : बालेश्वर सिंह

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम पुलिस की सहायता से स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी कर रहा है, जबकि जिन उपभोक्ताओं के पुराने मीटर सही तरीके से कार्य कर रहे हैं, उन्हें बदलने का कोई औचित्य नहीं है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बालेश्वर सिंह ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता की अनुमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाया गया तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के बिलों को लेकर भी लोगों के बीच असमंजस और मतभेद की स्थिति बनी हुई है। सरकार और विद्युत विभाग को जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी सहमति से ही स्मार्ट मीटर लगाने चाहिए।उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इसके नाम पर व्यापारियों का रोजगार प्रभावित नहीं होना चाहिए। प्रशासन को व्यापारियों की समस्याएं सुननी चाहिए और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं किया जाना चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में पुराने मीटर लगे हुए हैं जो सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर लगाने की जल्दबाजी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा अवैध अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ रसूखदार लोगों पर भी समान रूप से कार्रवाई करनी चाहिए। व्यापारियों का रोजगार उजाड़ने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि वर्तमान मास्टर प्लान जनता के हितों को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मास्टर प्लान के कारण आवास निर्माण, होटल, गेस्ट हाउस तथा अन्य बड़े विकास कार्य प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी नियमों के चलते व्यापार, निर्माण कार्य और श्रमिकों के रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। संजय सैनी ने आवास विभाग द्वारा भू-उपयोग शुल्क में की गई 567 प्रतिशत वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग भी की। कैलाश प्रधान और सतीश दुबे ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है और सरकार इसे नियंत्रित करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि वीआईपी मूवमेंट के कारण आम लोगों के कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए तथा जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती की जानी चाहिए। प्रेसवार्ता में डॉ. मेहरबान, सुनील चौहान, अशोक धींगान, राजेंद्र सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *