अमित कुमार
देहरादून। स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) प्रदीप कुमार भारद्वाज ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और कर्तव्यबोध का संदेश दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राकेश सुंदरियाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
संस्था के सचिव बाल कृष्ण चमोली ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक द्वारा अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ समाज से भी जुड़ें और जीवन के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ये अनुभव भविष्य में उनके लिए संचित पूंजी के समान होंगे। इसके बाद सेमिनार हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बीएएमएस बैच-2025 के विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य, योग विद्यार्थियों ने योग प्रस्तुति तथा नर्सिंग विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और देशभक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। बीएएमएस बैच-2025 की छात्रा स्नेहा सिहाग ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। समारोह के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव अरविंद अरोरा, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल, हिमालय आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जी.एस. इंदौरिया, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. निशांत राय जैन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












Leave a Reply