स्ट्रीट पोलों से बेतरतीब केबल हटाने को सात दिन की मोहलत

Spread the love

नगर निगम का डिश, मोबाइल और ब्रॉडबैंड कंपनियों को अल्टीमेटम, समय सीमा बीती तो निगम खुद हटाएगा तार

अमित कुमार

हरिद्वार। शहर की सड़कों और स्ट्रीट पोलों पर बेतरतीब ढंग से फैले वायर और केबल अब नगर निगम के निशाने पर हैं। नगर निगम हरिद्वार ने डिश, मोबाइल और ब्रॉडबैंड समेत विभिन्न सेवाएं देने वाली फर्मों एवं कंपनियों को सात दिन के भीतर स्ट्रीट पोलों से अनियोजित और अनियंत्रित वायर/केबल हटाने के निर्देश दिए हैं।सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि निगम क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों द्वारा बिना पूर्व अनुमति स्ट्रीट पोलों पर बड़ी संख्या में वायर और केबल लगाए गए हैं। इनके अनियोजित तरीके से लटकने और फैलने से शहर की सुंदरता और स्वरूप प्रभावित हो रहा है। नगर निगम ने सभी संबंधित फर्मों एवं कंपनियों के संचालकों को निर्देशित किया है कि सूचना प्रकाशित होने के सात दिवस के भीतर अपनी सेवाओं से जुड़े सभी अनियोजित वायर और केबल स्ट्रीट पोलों से स्वयं हटा लें।

समय सीमा के बाद निगम करेगा कार्रवाई

नगर निगम ने साफ कर दिया है कि निर्धारित अवधि में यदि संबंधित कंपनियों ने केबल नहीं हटाए तो निगम अपने स्तर से सभी अनियोजित वायर/केबल हटाने की कार्रवाई करेगा। इस कार्रवाई में होने वाले खर्च और अन्य समस्त जिम्मेदारी संबंधित फर्म या कंपनी के संचालक की होगी। नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर के बेतरतीब केबल जाल को हटाकर सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे के स्वरूप को व्यवस्थित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *