भाजपा को बदनाम करने की साजिश का लगाया आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ए. गुप्ता
हरिद्वार। पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में पत्रकारों को दिए गए सुरेश राठौर के बयान में कोई सच्चाई नहीं है और वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। देशराज कर्णवाल ने कहा कि भाजपा द्वारा सुरेश राठौर को पहले ही निष्कासित किया जा चुका है तथा समाज के लोग भी उनसे दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सुरेश राठौर कई अवसरों पर सार्वजनिक रूप से अपनी गलतियों को स्वीकार कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से दुष्प्रचार किया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक ऑडियो और वीडियो प्रसारित कर पार्टी को बदनाम करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी से जुड़े मामले में भी सुरेश राठौर द्वारा अनावश्यक और भ्रामक बयान दिए गए, जबकि पूरे प्रकरण की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। श्री कर्णवाल ने कहा कि बिना किसी तथ्यात्मक आधार के झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाकर भाजपा के शीर्ष नेताओं की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकार वार्ता के दौरान किशनपाल और धर्मेंद्र कुमार ने भी कहा कि सोशल मीडिया पर ऑडियो-वीडियो के माध्यम से भाजपा को बदनाम करने की कोशिश की गई है। उन्होंने लोगों से ऐसे भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अभी भी तथ्यहीन बातें कर समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उनके अनुसार किसी भी मामले को खारिज नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। पत्रकार वार्ता में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक भी मौजूद रहे।












Leave a Reply