कई आकर्षक और किफायती प्लान पेश, एक रुपये में 4जी सिम की सुविधा
अमित कुमार
हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अपने उपभोक्ताओं को कई आकर्षक और किफायती प्लान का तोहफा दिया है। नए उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए कंपनी की ओर से मात्र एक रुपये में 4जी सिम उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही हाईस्पीड इंटरनेट, एफटीटीएच, ओटीटी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष प्लान भी पेश किए गए हैं। बीएसएनएल हरिद्वार के प्रधान महाप्रबंधक रमेशचंद ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि हरिद्वार धार्मिक, पर्यटन एवं औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है। ऐसे में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक नागरिकों, व्यवसायियों और सरकारी संस्थाओं को विश्वसनीय एवं किफायती डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना बीएसएनएल की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपभोक्ताओं के लिए मजबूत नेटवर्क, बेहतर सेवा और डिजिटल सुविधाओं से जुड़े कई प्लान लागू किए गए हैं। 1111 रुपये में आकर्षक हाईस्पीड ब्रॉडबैंड एफटीटीएच सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, दूरस्थ एवं कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए सेटेलाइट फोन सेवा भी शुरू की गई है।
जरूरत के अनुसार ओटीटी सेवाएं चुनने की सुविधा
रमेशचंद ने बताया कि उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार ओटीटी सेवाओं का चयन करने की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए ‘बिल्ड योर ओन ओटीटी’ सेवा शुरू की गई है।
इसके अलावा बीएसएनएल सेल्फ केयर एप के माध्यम से मनोरंजन के साथ डिजिटल कंटेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 259 रुपये का विशेष प्रमोशनल प्लान, जिसमें 199 रुपये का एड-ऑन शामिल है, पेश किया गया है। वहीं नए ग्राहकों को बीएसएनएल से जोड़ने के लिए मात्र एक रुपये में 4जी सिम उपलब्ध कराया जा रहा है।
4जी नेटवर्क और फाइबर कनेक्टिविटी पर जोर
प्रधान महाप्रबंधक ने कहा कि 4जी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए नई 4जी बीटीएस साइटों को ऑन-एयर किया जा रहा है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल कवरेज बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शहरी, ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में फाइबर नेटवर्क का विस्तार कर उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में करीब 9700 एफटीटीएफ ग्राहक हाईस्पीड सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से बीएसएनएल की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। प्रेसवार्ता में उप महाप्रबंधक मुकेश कुमार गुप्ता, मुख्य लेखाधिकारी संतोष कुमार, सहायक महाप्रबंधक जयप्रकाश, रविंद्र सागर सहित बीएसएनएल के कई अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply