जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के नए प्रशासक ने संभाला कार्यभार, 15 दिन की पंचसूत्रीय कार्ययोजना का किया ऐलान

Spread the love

एनपीए वसूली, ई-पैक्स, भवन निर्माण और बैंकिंग विस्तार पर रहेगा विशेष फोकस

ए. गुप्ता 

हरिद्वार। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, हरिद्वार में  महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के तहत उत्तराखंड सहकारी समितियों के अपर निबंधक आनंद ए.डी. शुक्ल ने बैंक के प्रशासक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से सभी शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक आयोजित की तथा आगामी 15 दिनों के लिए पंचसूत्रीय कार्ययोजना की घोषणा की। समीक्षा बैठक में प्रशासक श्री शुक्ल ने जनपद की शेष दो प्राथमिक कृषि ऋण समितियों पनियाला एवं पथरी का कंप्यूटरीकरण शीघ्र पूर्ण कर उन्हें ई-पैक्स के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद मुख्यालय पर बैंक के नाम आवंटित भूमि पर भवन निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर भी जोर दिया। बैठक में बैंक में तीन से पांच वर्षों से एक ही शाखा अथवा पटल पर कार्यरत पात्र कर्मचारियों की स्थानांतरण सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिल सके। इसके अतिरिक्त 10 लाख रुपये से अधिक के सभी एनपीए खातों में सरफेसी अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा ऋण वसूली एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नई एजेंसियों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा गया। शाखावार निक्षेप वृद्धि, विविधीकृत ऋण वितरण तथा बैंक के व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासक ने सभी शाखा प्रबंधकों को ऋण वितरण बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अखिलेश डबराल ने ग्रामीण वित्तीय समावेशन और व्यवसाय विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बैंकिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। अपने संबोधन में प्रशासक आनंद ए.डी. शुक्ल ने कहा कि बैंक की सतत प्रगति, वित्तीय सुदृढ़ता और ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखने के लिए स्पष्ट, समयबद्ध और परिणामोन्मुख कार्ययोजना आवश्यक है। उन्होंने एनपीए वसूली में तेजी लाने, ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बैंक के व्यवसायिक विस्तार के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। बैठक में बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सौ सिंह, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अखिलेश डबराल, उप महाप्रबंधक चरण सिंह सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *