बुजुर्ग ने पुत्र और पुत्रवधू पर घर से निकालने का लगाया आरोप

Spread the love

न्यायालय के आदेश के बावजूद मकान और दुकान पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत, प्रशासन से लगाई गुहार

विशाल

हरिद्वार। भूपतवाला निवासी एक बुजुर्ग ने अपने पुत्र एवं पुत्रवधू पर मारपीट और दुर्व्यवहार कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने न्यायालय के आदेश के बावजूद अपने मकान और दुकान पर कब्जा नहीं दिलाए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में चौपड़ा भवन, रानी गली, भूपतवाला निवासी 70 वर्षीय राजबीर पुरी पुत्र भगवान पुरी ने बताया कि उनके पुत्र और पुत्रवधू ने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें उनके ही मकान से बाहर कर दिया। इसके बाद से वह दर-दर भटकने को मजबूर हैं। राजबीर पुरी ने बताया कि उनके मकान में ही उनकी एक दुकान भी संचालित होती थी, जिसका संचालन वह स्वयं करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमारी के दौरान सुनियोजित तरीके से उन्हें मकान और दुकान दोनों से बेदखल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि न्याय पाने के लिए उन्होंने एसडीएम न्यायालय में वाद दायर किया था। मामले की सुनवाई के बाद 23 सितंबर 2025 को न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बावजूद आज तक उन्हें उनके मकान और दुकान पर पुनः कब्जा नहीं दिलाया गया है। राजबीर पुरी ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए उन्हें उनके मकान और दुकान पर कब्जा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय के बावजूद राहत न मिलना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई कर न्याय दिलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *