प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की परिवर्तनकारी यात्रा पर प्रबुद्ध जन संवाद आयोजित
अमित कुमार
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों और “विकसित भारत-2047” के संकल्प को लेकर मध्य हरिद्वार स्थित वैभव ग्रैंड होटल में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद किया।
अपने संबोधन में अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य हुआ है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की उन्नति, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, डिजिटल क्रांति तथा आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त हुआ है।
नारी सशक्तिकरण के लिए 3 करोड़ “लखपति दीदी” तैयार करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 57 करोड़ मुद्रा ऋणों ने स्वरोजगार और उद्यमिता को नई गति दी है। देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है तथा रिकॉर्ड 79 लाख करोड़ रुपये का निर्यात हुआ है। सामाजिक सुरक्षा कवरेज तीन गुना से अधिक बढ़ी है और यूपीआई लेन-देन में 12 हजार गुना की वृद्धि दर्ज की गई है। अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और डिजिटल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। कोरोना महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि अनेक देशों की सहायता कर वैश्विक नेतृत्व का परिचय भी दिया। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि “विकसित भारत-2047” केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रबुद्ध जनों से प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए।
अरुण सिंह ने सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर राष्ट्र निर्माण के कार्य को आगे बढ़ा रही है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा की मजबूती, आर्थिक सुधारों और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रबुद्ध जनों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर दिनेश चंद्र शास्त्री, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, एडीजीसी कुशल पाल सिंह चौहान, पार्षद राजेश शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, तरुण नैयर, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, किशन बजाज, तुशांक भट्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, कामिनी सडाना, मृदुला शास्त्री सिंघल, पारुल चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











Leave a Reply