प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में बनाई मजबूत पहचान : धामी

Spread the love

खटीमा के बग्घा चौवन में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम में हुए शामिल

ए. गुप्ता

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों तथा पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह दो दिवसीय खटीमा प्रवास पर हैं और अपने प्रवास की शुरुआत बग्घा चौवन क्षेत्र से कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों का सफल कार्यकाल पूरा किया है और इस अवधि में देशहित में अनेक ऐतिहासिक एवं दूरगामी निर्णय लिए गए हैं, जिनके परिणामस्वरूप भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं और अभियानों की शुरुआत की। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के माध्यम से बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। वहीं स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप दिया और करोड़ों परिवारों को शौचालय सुविधा उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाने का कार्य किया गया, जबकि हर घर जल योजना के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का अभियान चलाया गया। आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है, जिसके तहत पात्र नागरिकों को पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। साथ ही भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देशवासियों को निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा प्रदान की और अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर वैश्विक सहयोग का संदेश दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है। इसके तहत नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां प्रदान की हैं। सरकार का लक्ष्य विकास की गति को तेज करते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में भी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जाधारी राज्यमंत्री रंजीत सिंह नामधारी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, राजपाल सिंह, विमला बिष्ट, सोमनाथ मौर्य, मोहन सिंह चुफाल, देवेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवेश शाशनी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, हिमांशु कफल्टिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *