उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण, विदुषी निशंक को मिला प्रथम ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’

Spread the love

शिक्षा, विधि, साहित्य एवं सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए हुईं सम्मानित

अमित कुमार

नई दिल्ली। उत्तराखंड की बेटी एवं अधिवक्ता विदुषी निशंक को शिक्षा, विधि, साहित्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रथम ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। संस्कृति युवा संस्था एवं इंडियन ग्लोबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (PMML) ऑडिटोरियम में हुआ। समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने विदुषी निशंक को ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ प्रदान कर सम्मानित किया। विदुषी निशंक भारत के प्रथम ‘लेखक गांव’ (Writers’ Village) की निदेशक हैं और सामाजिक क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय हैं। अपनी स्वर्गीय माता की स्मृति में स्थापित ‘कुसुम कांता फाउंडेशन’ के माध्यम से वे शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। शैक्षणिक क्षेत्र में भी विदुषी निशंक की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। वह विधि में स्वर्ण पदक विजेता हैं तथा यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से एलएलएम की उपाधि प्राप्त कर चुकी हैं। इसके अलावा वह यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के लिए कॉमनवेल्थ स्कॉलर भी रही हैं। शिक्षा, विधि, साहित्य और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनकी सक्रियता महिला सशक्तिकरण एवं युवा नेतृत्व की प्रेरक मिसाल के रूप में देखी जा रही है। सम्मान प्राप्त करने के अवसर पर विदुषी निशंक ने इसे अपने लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह में विदुषी निशंक के साथ भारतीय शास्त्रीय नृत्य की प्रसिद्ध हस्ती श्रीमती शोवना नारायण, भारतीय फिल्म एवं मीडिया जगत के संदीप मारवाह, लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज सिन्हा, स्वामी प्रेम अन्वेष जी महाराज, श्रीमती स्वाति गर्ग सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों को भी ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *